झांसी में सैकड़ों साल पुराना बरगद का पेड़ गिरा, आवागमन बाधित

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक पानी वाली धर्मशाला, लोकमान्य तिलक स्कूल के पास शुक्रवार को सैकड़ों वर्ष पुराना बरगद का विशाल पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों ने विद्युत विभाग एवं वन विभाग को जानकारी देकर पेड़ हटाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। पेड़ गिरने से आसपास की विद्युत लाइनें भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया है। लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द पेड़ हटाकर आवागमन सामान्य कराने की मांग की है। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासन के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *