झांसी स्टेशन पर खुफिया शाखा और जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, तीन तस्कर गिरफ्तार उड़ीसा से पानीपत ले जाया जा रहा अवैध गांजा झांसी में पकड़ा गया
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर शनिवार को क्राइम विंग (खुफिया शाखा) झांसी, जीआरपी अनुभागीय टीम एवं जीआरपी थाना झांसी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग पिट्ठू बैगों में रखा कुल 12.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.15 लाख रुपये आंकी गई है।
संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म संख्या-7 के समीप वरिष्ठ खंड अभियंता (विद्युत) कार्यालय के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन युवकों को रोककर तलाशी ली। जांच में उनके बैगों से अवैध गांजा बरामद होने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के संबलपुर से गांजा लेकर पानीपत जा रहे थे, जहां किसी व्यक्ति को इसकी आपूर्ति करनी थी। ट्रेनों में बढ़ी जांच के कारण वे ट्रेन बदलने के लिए झांसी स्टेशन पर उतर गए थे और इधर-उधर छिपे हुए थे। इसी दौरान संयुक्त टीम ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपुल रजक निवासी भोजपुर (बिहार), रितेश कुमार निवासी नालंदा (बिहार) तथा आशुतोष तिवारी निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वर्तमान में तीनों गौतमबुद्धनगर (नोएडा) क्षेत्र में रह रहे थे।
जीआरपी थाना झांसी में तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई क्राइम विंग (खुफिया शाखा) झांसी, जीआरपी थाना झांसी तथा जीआरपी अनुभागीय टीम के संयुक्त अभियान के तहत की गई।










