ऑपरेश यात्री सुरक्षा के तहत अलीगढ़ आरपीएफ–जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा जीआरपी आगरा अनुभाग का टॉप-10 अपराधी समेत तीन शातिर चोर गिरफ्तार, 2.03 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद

रिपोर्ट: नवीन यादव

अलीगढ़। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने रविवार 5 जुलाई की तड़के कार्रवाई करते हुए जीआरपी आगरा अनुभाग के टॉप-10 अपराधी समेत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.03 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अनिल तिवारी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 3:30 बजे अलीगढ़ जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-7 के पास संदिग्ध व्यक्तियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने हावड़ा एंड टावर वैगन सेट के निकट निर्माणाधीन भवन के पीछे घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्जन सिंह, अब्दुल सिद्दीकी और चेतन कुमार के रूप में हुई है। सर्जन सिंह जनपद एटा के थाना जलेसर क्षेत्र के ग्राम गदाई का निवासी है। अब्दुल सिद्दीकी मसौली का रहने वाला है, जबकि चेतन कुमार जनपद हाथरस के थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के नगला माहसिंहपुर का निवासी है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक सोने का मंगलसूत्र तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.03 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में बरामद सामान का संबंध जीआरपी अलीगढ़ में पहले से दर्ज चोरी के मामलों से पाया गया है।

आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *