सीपरी बाजार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का किया खुलासा, मुठभेड़ में दो अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। थाना सीपरी बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बृजेन्द्र रावत पुत्र बृजलाल रावत तथा विरेन्द्र सिंह पुत्र नन्दू कुशवाहा, दोनों निवासी ग्राम करई, थाना करेरा, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर साबुन, शैंपू, 18 अलग-अलग प्रकार के बैग, तीन डिब्बे पुट्टी, एक बड़ा डिब्बा सफेद सीलर, 3,930 रुपये नकद, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।










