बाँदा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सुरुचि के नेतृत्व में ऑपरेशन उपलब्ध के तहत बड़ी कार्रवाई, अवैध ई-टिकट बनाने वाला टिकट दलाल गिरफ्तार

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की बाँदा पोस्ट ने प्रभारी निरीक्षक सुरुचि के नेतृत्व में ऑपरेशन उपलब्ध के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अनधिकृत रूप से रेलवे के ई-टिकट बनाने वाले एक टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल (पश्चिम मध्य रेलवे) से प्राप्त इनपुट संख्या 64 एवं 65 के आधार पर की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुरभि के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी ने टीम के साथ डेटा विश्लेषण, आईआरसीटीसी रिकॉर्ड, सर्विलांस, ओएसआईएनटी (OSINT) तथा सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर छापेमारी की। जांच में आरोपी द्वारा आईआरसीटीसी की व्यक्तिगत आईडी का दुरुपयोग कर अवैध रूप से ई-टिकट तैयार कर बेचे जाने की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान 17 यूजर आईडी, 20 पुराने ई-टिकट, जिनकी कुल कीमत 50,490 रुपये है, बरामद किए गए। साथ ही एक मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद तथा 20 प्रिंटेड टिकट जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार (34 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय भगवानदीन, निवासी ग्राम बघेटा, थाना एवं तहसील बबेरू, जनपद बाँदा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध पहले भी आरपीएफ पोस्ट मानखुर्द, मुंबई में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा दर्ज है।

आरपीएफ पोस्ट बाँदा में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 390/26 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 143 में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अतर्रा निवासी एक अन्य टिकट दलाल के विरुद्ध भी रेलवे अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

आरपीएफ ने आमजन से अपील की है कि रेलवे टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें। रेलवे ई-टिकट का अनधिकृत रूप से निर्माण, खरीद-फरोख्त या दलाली करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में आरपीएफ द्वारा लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *