चलती तमिलनाडु एक्सप्रेस में मासूम से कथित गलत हरकत, झांसी में आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। गाड़ी संख्या 12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक मासूम बच्ची के साथ कथित गलत हरकत की सूचना मिलने पर झांसी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
रेलवे कंट्रोल से सूचना प्राप्त होते ही सुरक्षा टीम प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर पहुंची। रात लगभग 12:32 बजे ट्रेन के झांसी स्टेशन पहुंचने पर संबंधित जनरल कोच की जांच की गई। शिकायतकर्ता यात्री से जानकारी लेने के बाद पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों से पूछताछ की गई। बच्ची अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थी।
प्रारंभिक जांच के आधार पर नामजद आरोपी जय प्रकाश नारायण, निवासी तमिलनाडु, को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई के लिए रेलवे थाना झांसी भेज दिया गया।
आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










