चोरी के बीच ट्रस्ट की अहम बैठक आज, इन 3 नामों पर होगा विचार

  • राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच सोमवार को रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होगी।
  • राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के प्रकरण के बीच सोमवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। यह बैठक दोपहर तीन बजे श्रीरामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र में होगी। बैठक में ट्रस्ट के अधिकांश सदस्यों के शामिल होने की संभावना है।
  • इस्तीफों पर हो सकता है फैसला

    बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय और सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र के त्यागपत्र पर निर्णय लिया जा सकता है। इसके साथ ही चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट में नए पदाधिकारियों को शामिल करने पर भी विचार किया जा सकता है।

  • चोरी मामले में अब तक आठ गिरफ्तार

    राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला पहली बार 5 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

    कई ट्रस्टी पहुंचे रामनगरी

    बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्टी जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष स्वामी परमानंद और कृष्णमोहन रामनगरी पहुंच चुके हैं। वहीं, कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि, नृपेंद्र मिश्रा, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ सहित अन्य कुछ सदस्यों के सोमवार सुबह पहुंचने की उम्मीद है। कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि ने सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता ट्रस्टी के. पारासरन सहित कुछ अन्य सदस्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल होंगे।

    इन नामों पर चर्चा

    बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के संभावित उत्तराधिकारी को लेकर भी मंथन होने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस पद के लिए संघ के पूर्व क्षेत्र संघचालक अजय कुमार नंदी, ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन और विहिप के बजरंग लाल बांगड़ा के नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय के दौरान किसी नए या चौंकाने वाले नाम पर भी सहमति बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *