प्रतिभा को मिला सम्मान: जैन मिलन मुख्य शाखा ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

झांसी। जैन मिलन मुख्य शाखा, झांसी द्वारा रविवार को सिविल लाइंस स्थित चंदा प्रभु जिनालय में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जैन समाज के 60 मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, मेडल और स्टेशनरी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त वनाधिकारी वी.के. जैन ने की, जबकि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. निर्देश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रदीप जैन आदित्य ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता के पीछे माता-पिता, अभिभावकों और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं, डॉ. निर्देश जैन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रता के साथ अध्ययन करने की सलाह देते हुए कहा कि स्पष्ट उद्देश्य जीवन में सफलता की राह आसान बनाता है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में वी.के. जैन ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्र बताए और अभिभावकों से बच्चों को संस्कारवान एवं चरित्रवान बनाने का आग्रह किया।

समारोह में कक्षा 1 से 12 तक के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा जेईई, आईआईटी और सीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कु. आरवी ने कक्षा पांच में चार विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि कु. दयाक्षी जैन ने हाईस्कूल में दो विषयों में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर 96 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

कार्यक्रम की प्रस्तावना सुभाष जैन सत्यराज ने रखी। संचालन डॉ. विनय जैन और बृजेन्द्र जैन मोदी ने किया। क्षेत्रीय मंत्री सुबोध जैन ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया। अंत में शाखा सचिव सीए दीपक जैन और डॉ. निलय जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

समारोह को सफल बनाने में नीलेश मोदी, इंजीनियर हुकुमचंद जैन, केसी जैन, प्रदीप जैन चैनू, सुधीर जैन, एडवोकेट शिरोमणि जैन, कमल वीके जैन, नीतू मोदी, साधना, एकता, शोभना, ममता, मधु जैन सहित अनेक समाजजनों ने सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *