गढ़मऊ यार्ड में तेल चोरी करते युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, 350 लीटर डीजल बरामद
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी आरपीएफ पोस्ट ने गढ़मऊ रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़ी तेल टंकी वैगन से हाई स्पीड डीजल (HSD) चोरी करने वाले एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के चार साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
आरपीएफ के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की रात करीब 8:48 बजे सूचना मिली कि गढ़मऊ रेलवे स्टेशन यार्ड की लूप लाइन संख्या-5 पर खड़ी तेल टंकी वैगन से कुछ लोग डीजल चोरी कर रहे हैं। सूचना पर उप निरीक्षक अंकित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर शैलेन्द्र उर्फ झांसिया (19), निवासी लहर एन्क्लेव कॉलोनी, थाना सीपरी बाजार, झांसी को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
मौके से करीब 350 लीटर हाई स्पीड डीजल (7 भरे जरीकैन), 8 खाली जरीकैन, एक हरे रंग का प्लास्टिक पाइप, 350 रुपये नकद तथा एक मोटरोला कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। बरामद रेलवे संपत्ति की अनुमानित कीमत 31,500 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने फरार साथियों के नाम धीरज उर्फ धीरू, नीरज, अभिषेक तथा धर्मेन्द्र (पिकअप चालक) बताए हैं। इस संबंध में अपराध संख्या 16/2026 के तहत रेलवे संपत्ति (विधिविरुद्ध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
सोमवार 6 जुलाई 2026 को आरोपी को रेलवे न्यायालय, झांसी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार झांसी भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ की टीम लगातार दबिश दे रही है।










