खुफिया शाखा की कार्रवाई: ऑपरेशन उपलब्ध के तहत अवैध टिकट दलाल गिरफ्तार, आरक्षण लिपिक की मिलीभगत भी आई सामने

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल की रेल सुरक्षा बल की अपराध शाखा (खुफिया शाखा) ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत मंगलवार को रेलवे स्टेशन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के नगरा की ओर स्थित आरक्षण काउंटर परिसर में कार्रवाई करते हुए एक अवैध टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी तत्काल आरक्षण टिकटों की अवैध खरीद-फरोख्त करते हुए पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज मिश्रा (28 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय रामशरण मिश्रा, निवासी महावीरनपुरा, वार्ड संख्या-28, थाना प्रेमनगर, जनपद झांसी के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध रेल सुरक्षा बल थाना वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रेलवे के वरिष्ठ आरक्षण लिपिक राजीव कुमार प्रजापति के कहने पर तत्काल आरक्षण काउंटर से टिकट बनवाया था, जिसके बदले उसे 200 रुपये अतिरिक्त प्राप्त हुए। जांच में वरिष्ठ आरक्षण लिपिक की अवैध टिकट दलाली में संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 09 जुलाई 2026 की यात्रा के लिए चित्रकूटधाम से सूरत तक का तृतीय वातानुकूलित श्रेणी का एक आरक्षण टिकट, जिसकी कीमत 7,940 रुपये है, बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त दो भरे हुए तत्काल आरक्षण प्रपत्र तथा एक प्रयुक्त स्मार्ट मोबाइल भी जब्त किया गया।

यह कार्रवाई रेल सुरक्षा बल की अपराध शाखा (खुफिया शाखा) झांसी की टीम द्वारा की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार, प्रधान आरक्षक तौसीफ खान, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह तथा आरक्षक गुरमीत सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *