महाप्रबंधक ने झांसी मंडल के तीन रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से किया सम्मानित रेल संरक्षा में उत्कृष्ट कार्य का सम्मान, प्रयागराज में सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार प्रदान
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेशपाल सिंह ने प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेल संचालन में सतर्कता, सजगता एवं त्वरित कार्रवाई के लिए झांसी मंडल के तीन कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया। यह सम्मान उन कर्मचारियों को दिया गया, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान अनियमितताओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संरक्षा पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में बार्थीष कुमार (कांटेवाला/ओहन), मोहित कुमार द्विवेदी (वरिष्ठ सहायक लोको पायलट) तथा पवन कुमार (ट्रैकमैन) शामिल हैं। सभी सम्मानित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेशपाल सिंह ने सभी रेलकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेल संरक्षा उत्तर मध्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
यह सम्मान झांसी मंडल के कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं समर्पण का प्रतीक है, जो सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।










