प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ क्राइम विंग व जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, ₹50 लाख के जाली नोटों के साथ अभियुक्त गिरफ्तार दिल्ली से कोलकाता ले जाकर लोगों को ठगी का बनाता था शिकार, बैग से ₹500 के नोटों के 10 बंडल बरामद
दो
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी/प्रयागराज। रेलवे स्टेशन प्रयागराज पर आरपीएफ क्राइम विंग एवं जीआरपी प्रयागराज की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ₹50 लाख के जाली (सदृश्य) नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। संयुक्त गश्त एवं निगरानी के दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ₹500 मूल्यवर्ग के सदृश्य नोटों की कुल ₹50 लाख की गड्डियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामनिवास पुत्र सईराम, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी ग्राम गजरूप देसर, थाना नापासर, जनपद बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के बैग से ₹500 के नोटों के सदृश्य 10 बंडल बरामद हुए। प्रत्येक बंडल में 10-10 गड्डियां थीं, जिन्हें सफेद पारदर्शी प्लास्टिक में पैक किया गया था। बरामद नोटों की कुल अनुमानित राशि ₹50,00,000 है।
इस संबंध में जीआरपी प्रयागराज में मु.अ.सं. 308/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 180, 182 एवं 318(4) में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से ₹500 के सदृश्य नोटों की गड्डियां लेकर ट्रेनों के माध्यम से कोलकाता जाता था। वहां लोगों को असली नोट होने का झांसा देकर इन गड्डियों के बदले वास्तविक मुद्रा प्राप्त कर अवैध रूप से धन अर्जित करता था।
आरपीएफ क्राइम विंग एवं जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई को रेलवे परिसर में सक्रिय ठगी और जाली नोटों के नेटवर्क के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा जाली (सदृश्य) नोटों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।










