उत्तर मध्य रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल, झांसी व आगरा मंडल में कई अधिकारियों के तबादले व पदोन्नति वीरेंद्र सिंह बने आगरा डीसीएम, पंकज कुमार त्रिपाठी झांसी डीसीएम और संजीव कुमार स्टेशन निदेशक
रिपोर्ट: नवीन यादव
प्रयागराज, 7 जुलाई। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज द्वारा जारी कार्यालय आदेश के तहत वाणिज्य विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को पदोन्नति एवं नई तैनाती प्रदान की गई है। सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के उपरांत जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, झांसी स्टेशन निदेशक के वरिष्ठ वेतनमान पद को पुनः नामित कर मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम), झांसी के रूप में संचालित किया जाएगा। इस पद पर प्रयागराज में कार्यरत एसीएम-द्वितीय पंकज कुमार त्रिपाठी को वरिष्ठ वेतनमान में तदर्थ पदोन्नति देते हुए डीसीएम, झांसी नियुक्त किया गया है।
वहीं झांसी में कार्यरत एसीएम वीरेंद्र सिंह को भी वरिष्ठ वेतनमान में तदर्थ पदोन्नति प्रदान करते हुए उनका स्थानांतरण मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम), आगरा कैंट के पद पर किया गया है।
कार्यालय आदेश के अनुसार झांसी में एसीएम के कनिष्ठ वेतनमान के रिक्त पद को पुनः नामित कर स्टेशन निदेशक, झांसी के रूप में संचालित किया जाएगा। इस पद पर आगरा कैंट में कार्यरत एसीएम संजीव कुमार जाटव का स्थानांतरण कर उन्हें स्टेशन निदेशक, झांसी नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त प्रयागराज मुख्यालय में कार्यरत एसीएम शशि रंजन कुमार का स्थानांतरण कर उन्हें एसीएम-द्वितीय, प्रयागराज के पद पर तैनात किया गया है। यह पद पंकज कुमार त्रिपाठी के झांसी स्थानांतरण के बाद रिक्त हुआ है।
मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को कार्यभार हस्तांतरण के दौरान विभागीय नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर रेलवे आवास सहित सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।










