सीता होटल और एलआईसी ऑफिस के पास अतिक्रमण, जल निकासी व सड़क समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

झांसी। सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित सीता होटल एवं एलआईसी ऑफिस के आसपास व्याप्त अतिक्रमण, अव्यवस्थित टैक्सी संचालन, जल निकासी और सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों ने सोमवार को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि सीता होटल के पीछे सड़क पर बड़ी संख्या में टैक्सियां खड़ी रहती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। आरोप है कि कुछ टैक्सी चालक सड़क किनारे खड़े होकर एवं वाहनों में बैठकर शराब का सेवन भी करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों, महिलाओं और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा क्षेत्र में विद्युत पोल एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के आसपास अव्यवस्थाओं की ओर भी नगर निगम का ध्यान आकर्षित किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और नाले के निर्माण व नियमित सफाई की आवश्यकता है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त से मांग की है कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर मौके का निरीक्षण कराया जाए तथा अतिक्रमण हटाने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए।

ज्ञापन पर क्षेत्र के कई नागरिकों के हस्ताक्षर हैं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम जनहित में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में श्री महावीर गुप्ता, डॉ. आनंद गुप्ता, श्रीकांत गुप्ता, मनीष, असित, डब्बू, छोटू सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे। उन्होंने नगर आयुक्त को बताया कि सीता होटल के पास सड़क किनारे टैक्सियों का अवैध जमावड़ा रहता है, जिससे यातायात बाधित होता है। साथ ही कुछ स्थानों पर अतिक्रमण एवं अन्य अव्यवस्थाओं के कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने जल निकासी, क्षतिग्रस्त सड़क और पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से विद्युत विभाग एवं जल निगम के अधिशासी अभियंताओं (Ex. En.) को मौके का निरीक्षण करने के लिए लिखित आदेश जारी किए।

जानकारी के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारी अगले एक-दो दिनों में स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपेंगे। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही सड़क एवं पाइपलाइन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।

पार्षद नीता यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और प्रशासन द्वारा सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *