Jhansi: सूरत के ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से पुलिसकर्मियों ने 24.90 लाख लूटे, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

  • मिनर्वा चौराहे के पास से काले रंग की क्रेटा कार सवारों ने मुंशी और उसके साथी को जबरन कार में बैठा लिया। नकदी से भरा बैग लूटकर कानपुर बाइपास के पास छोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
  • सूरत (गुजरात) के ड्राई फ्रूट कारोबारी जितेंद्र पटेल के मुंशी किशन पांचाल से 24.90 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बृहस्पतिवार शाम मिनर्वा चौराहे स्थित सुरेश होटल के पास काले रंग की क्रेटा कार सवार बदमाशों ने किशन और उसके साथी को जबरन कार में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपियों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल थे। करीब डेढ़ घंटे बाद नकदी से भरा बैग लूटकर दोनों को कानपुर बाइपास के पास छोड़ दिया गया।
    तीन संदिग्ध हिरासत में
    मामले की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी रामवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सुराग मिलने के बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि फरार पुलिसकर्मियों की तलाश जारी है। हालांकि अभी तक आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
  • डेढ़ घंटे तक घुमाया, फिर बाइपास पर छोड़ा
    पीड़ित के मुताबिक आरोपी दोनों को करीब डेढ़ घंटे तक विभिन्न मार्गों पर घुमाते रहे। इस दौरान 24.90 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। बाद में दोनों को कानपुर बाइपास के पास उतारकर आरोपी फरार हो गए।कारोबारी जितेंद्र पटेल ने बताया कि घटना के बाद किशन काफी घबरा गया था और पुलिस के पास जाने से बच रहा था। समझाने के बाद वह शुक्रवार को कोतवाली पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
  • सीसीटीवी से मिला सुराग
    घटना की सूचना पर सीओ सिटी रामवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरेश होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। उसके नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ के लिए मुंशी किशन पांचाल से भी पूछताछ की जा रही है।
  • घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में जालौन जनपद के कुछ पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। – बीबी जीटीएस मूर्ति, एसएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *