24 घंटे में ₹24.90 लाख की डकैती का खुलासा, दो सिपाहियों समेत छह गिरफ्तार ऑनलाइन सट्टे का कर्ज चुकाने से बचने के लिए रची गई थी फर्जी लूट की साजिश, ₹24.50 लाख नकद व ‘पुलिस’ लिखी क्रेटा कार बरामद

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। झांसी पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई ₹24.90 लाख की सनसनीखेज डकैती का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो पुलिस आरक्षियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹24.50 लाख नकद तथा वारदात में प्रयुक्त ‘पुलिस’ लिखी क्रेटा कार बरामद की है। मामले का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने किया।

सट्टे के कर्ज से बचने के लिए रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड सूर्यांश यादव है, जो ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करता है। सट्टे में ₹24.90 लाख हारने के बाद रकम चुकाने से बचने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी लूट की साजिश रची।

मुंशी को बनाया निशाना

सूर्यांश ने गुजरात के अहमदाबाद/सूरत स्थित एक ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी किशन दिलीप भाई पांचाल को भुगतान लेने के लिए झांसी बुलाया। जैसे ही मुंशी और उसका साथी रकम लेकर निकले, मिनर्वा चौराहे के पास क्रेटा कार सवार बदमाशों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

वर्दी पहनकर पहुंचे सिपाही, लोगों को लगा पुलिस कार्रवाई चल रही है

पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान आम लोगों को भ्रमित करने और किसी प्रकार का विरोध न हो, इसके लिए जालौन पुलिस लाइन में तैनात दो आरक्षियों को एक-एक लाख रुपये का लालच देकर साजिश में शामिल किया गया। दोनों आरक्षी घटना के समय पुलिस वर्दी में थे, जिससे लोगों को लगा कि यह नियमित पुलिस कार्रवाई है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • सूर्यांश यादव (मुख्य साजिशकर्ता)
  • राघवेन्द्र राजपूत (आरक्षी, जालौन पुलिस लाइन)
  • मनोज कुमार (आरक्षी, जालौन पुलिस लाइन)
  • गौरव
  • सुखबीर
  • सूरज सिंह

बरामदगी

  • ₹24,50,000 नकद
  • ‘पुलिस’ लिखी क्रेटा कार
  • वारदात में प्रयुक्त अन्य साक्ष्य

चार आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में एक अन्य आरक्षी नीरज राजपूत तथा सट्टा कारोबार से जुड़े दो भाइयों सहित चार आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *