जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन को लेकर कानपुर सेंट्रल पर आरपीएफ-जीआरपी सतर्क विवेक वर्मा और एसएन पाटीदार के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, मॉक ड्रिल कर तैयारियों को परखा
रिपोर्ट नवीन यादव
कानपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्टेशन परिसर में मॉक ड्रिल कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। सुरक्षा बलों ने प्लेटफॉर्म, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार सहित स्टेशन के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान अचानक भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, भीड़ को नियंत्रित करने और स्टेशन परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की निगरानी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति भी परखी गई।
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा ने बताया कि कानपुर सेंट्रल अत्यंत व्यस्त रेलवे स्टेशन है। किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल और सघन चेकिंग अभियान चलाए जाते हैं। आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यात्रियों से अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ या रेलवे पुलिस को दें।










