दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का परचम, कुँवर घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6059 वोटों से हराया तीसरे राउंड से शुरू हुई बढ़त 15वें राउंड तक कायम, कांग्रेस की जीत में राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट और उनके साथियों के जनसंपर्क अभियान की भी रही अहम भूमिका

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के लोकप्रिय पूर्व विधायक कुँवर घनश्याम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 15वें राउंड में 6059 मतों के अंतर से पराजित कर बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह के समर्थन में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर जनसंपर्क अभियान चलाया। इसी क्रम में झांसी से कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट ने भी अपने साथियों के साथ दतिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट ने कुँवर घनश्याम सिंह को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है।

तीसरे राउंड से बदली तस्वीर, 15वें तक नहीं थमी कांग्रेस की रफ्तार

मतगणना के दौरान शुरुआती दो राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से पीछे चल रहे थे। लेकिन तीसरे राउंड से चुनावी तस्वीर ने करवट बदली। इसके बाद कुँवर घनश्याम सिंह ने जो बढ़त बनाई, वह लगातार 15वें राउंड तक कायम रही।

मतगणना के हर राउंड के साथ कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़त मजबूत होती गई और आखिरकार 15वें राउंड में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को 6059 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर जीत अपने नाम कर ली।

इस चुनाव परिणाम को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर शुरुआती राउंड में पिछड़ने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा लगातार बढ़त बनाना चुनावी रणनीति और जमीनी जनसंपर्क की मजबूती की ओर संकेत करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *