राजीव यादव के निर्देश पर सुरक्षा का शिकंजा, जबलपुर की पार्किंग में फिर मिले 5 लावारिस वाहन ! 15 अगस्त से पहले आरपीएफ का ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान, श्वान दस्ते ने भी खंगाला स्टेशन परिसर प्लेटफार्म नंबर-1 की पार्किंग साफ, लेकिन नंबर-6 में लंबे समय से खड़े पांच दोपहिया वाहनों ने निगरानी पर उठाए सवाल सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच आखिर इतने दिनों तक किसकी नजर से बचते रहे ये लावारिस वाहन ?
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS
जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे जोन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। आरपीएफ आईजी राजीव यादव के निर्देश पर रेलवे स्टेशन, पार्किंग स्थलों और आसपास के संवेदनशील स्थानों की सघन जांच की गई। अभियान में आरपीएफ श्वान दस्ता भी शामिल रहा।
चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर-6 की पार्किंग में लंबे समय से लावारिस हालत में खड़े पांच दोपहिया वाहन मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। आरपीएफ टीम ने स्टेशन की दोनों पार्किंग स्थलों की गहन जांच की। प्लेटफार्म नंबर-1 की पार्किंग में कोई लावारिस वाहन नहीं मिला, जबकि प्लेटफार्म नंबर-6 की पार्किंग में पांच दोपहिया वाहन ऐसे मिले, जो काफी समय से वहां खड़े बताए गए।
जांच के दौरान बैंगनी रंग की स्कूटी पेप्ट क्रमांक MP20SC4827, काले रंग की प्लेजर स्कूटी क्रमांक MP20MC4417, काले रंग की हीरो होंडा डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP20MC1283, सफेद रंग की टीवीएस स्कूटी क्रमांक MP20MV2063 तथा एक सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल मिली।
श्वान दस्ते ने भी खंगाला स्टेशन परिसर
स्वतंत्रता दिवस से पहले चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के दौरान आरपीएफ श्वान दस्ते की मदद से स्टेशन परिसर और संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। संदिग्ध वस्तुओं, लावारिस सामान और पार्किंग में खड़े वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पांच लावारिस वाहन, निगरानी व्यवस्था पर सवाल
प्लेटफार्म नंबर-1 की पार्किंग में स्थिति सामान्य मिलने के बावजूद प्लेटफार्म नंबर-6 की पार्किंग में एक साथ पांच लावारिस वाहन मिलना कई सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि ये वाहन आखिर कितने समय से वहां खड़े थे और नियमित निगरानी के बावजूद इन पर पहले ध्यान क्यों नहीं गया?
स्वतंत्रता दिवस जैसे संवेदनशील अवसर से पहले रेलवे स्टेशन की पार्किंग में इस तरह वाहनों का लंबे समय तक लावारिस हालत में खड़ा मिलना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीरता से जांच का विषय है।
आरपीएफ द्वारा बरामद वाहनों की जांच कर उनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्टेशन परिसर और पार्किंग स्थलों में निगरानी और अधिक सख्त किए जाने की आवश्यकता भी इस कार्रवाई से सामने आई है।










