झांसी मंडल में उद्घाटन के 25 दिन में ही ‘अमृत भारत’ की छत बेदम, प्लेटफॉर्म शेड से टपका पानी कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने वीडियो जारी कर निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल 6.50 करोड़ की लागत से संवारा गया टीकमगढ़ स्टेशन, पहली बारिश में ही खुली निर्माण कार्य की पोल
रिपोर्ट नवीन यादव VERDICT NEWS
झांसी टीकमगढ़। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत से संवारे गए टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन की निर्माण गुणवत्ता पर पहली ही बारिश ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड से पानी टपकने का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे के निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन झांसी मंडल के अंतर्गत आता है। स्टेशन का उद्घाटन 17 जुलाई को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया था। इस दौरान झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार समेत रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे थे।
उद्घाटन के महज करीब 25 दिन बाद ही पहली बारिश में प्लेटफॉर्म शेड से पानी रिसने लगा। यात्रियों के बैठने वाले हिस्से के ऊपर से पानी टपकने का वीडियो सामने आने के बाद करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले को लेकर टीकमगढ़ के कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने वीडियो जारी कर स्टेशन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। विधायक ने वीडियो के माध्यम से सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से विकसित किए गए स्टेशन का शेड उद्घाटन के चंद दिनों बाद ही बारिश का पानी रोकने में क्यों नाकाम हो गया? क्या निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों की सही तरीके से जांच की गई थी?
अब देखना यह है कि रेलवे इस मामले में केवल मरम्मत तक सीमित रहता है या 6.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराकर जिम्मेदारी भी तय करता है।










