डीआरएम ने किया उद्घाटन, झांसी मंडल में देशभक्ति के रंग में सजा रेल कार्यालय  रेल कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने जानी राष्ट्रीय ध्वज के विकास, स्वरूप और गौरवशाली इतिहास की जानकारी

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में 12 अगस्त को विशेष तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से रेलकर्मियों और विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, विकास, विभिन्न स्वरूपों और राष्ट्रीय जीवन में उसके महत्व से परिचित कराया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित सामग्री की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की ऐतिहासिक यात्रा, समय-समय पर हुए बदलाव और वर्तमान स्वरूप में तिरंगे के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया।

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों से लेकर वर्तमान स्वरूप तक राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा को क्रमबद्ध और ज्ञानवर्धक ढंग से प्रस्तुत किया गया। तिरंगे के रंगों और प्रतीकों के महत्व के साथ स्वतंत्र भारत में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गरिमा से जुड़े पहलुओं को भी प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी का अवलोकन बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों के साथ केंद्रीय विद्यालय, रानी लक्ष्मीबाई जूनियर हाई स्कूल और गांधी स्मारक जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने किया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रदर्शनी देखी और तिरंगे के इतिहास, विकास एवं राष्ट्रीय महत्व की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अवसंरचना पी.पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक संचालन नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता गौरव, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी गिरिश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल भंडार प्रबंधक धाकर कुमार मीना, सहायक कार्मिक अधिकारी आदेश कुमार मिश्र सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, पर्यवेक्षक और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से झांसी मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही रेलकर्मियों और युवा पीढ़ी को तिरंगे की गरिमा बनाए रखने तथा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *