हरदोई के सत्यवीर सिंह यादव बने सीबीआई के नए संयुक्त निदेशक बिहार कैडर के 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

रिपोर्ट नवीन यादव

हरदोई। बिहार कैडर के 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी सत्यवीर सिंह यादव को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का नया संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। सत्यवीर सिंह यादव इससे पहले सीबीआई में उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर तैनात थे। अब पदोन्नति के बाद उन्हें संयुक्त निदेशक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कैबिनेट की नियुक्ति समिति के आदेश के अनुसार सत्यवीर सिंह यादव 5 मार्च 2028 तक संयुक्त निदेशक के पद पर कार्य करेंगे। वह हरियाणा कैडर के 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अश्विन शेनवी का स्थान लेंगे।

पलिया गांव के रहने वाले हैं सत्यवीर सिंह यादव

सत्यवीर सिंह यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के हरपालपुर क्षेत्र के कटियारी स्थित पलिया गांव के निवासी हैं। सीबीआई में संयुक्त निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति की खबर से उनके गृह जनपद हरदोई और पलिया गांव में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इसे जिले के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है।

पत्नी भी हैं आईपीएस अधिकारी

सत्यवीर सिंह यादव की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी पुलिस सेवा से जुड़ी है। उनकी पत्नी नताशा गुड़िया भी प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी हैं। दोनों के पुलिस सेवा में होने के कारण परिवार की पहचान प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के क्षेत्र में रही है।

सीबीआई में संयुक्त निदेशक के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब सत्यवीर सिंह यादव के सामने जांच से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की निगरानी और संस्थान की अहम जिम्मेदारियां रहेंगी। उनकी नियुक्ति को लेकर हरदोई और पलिया क्षेत्र में लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *