डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की मौजूदगी में आरपीएफ बैंड की देशभक्ति धुनों से गूंजा झांसी स्टेशन ‘वंदे मातरम्’ से ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ तक गूंजीं देशभक्ति की धुनें स्वतंत्रता दिवस से पहले स्टेशन पर छाया राष्ट्रप्रेम का जुनून, यात्रियों में दिखा उत्साह

 

रिपोर्ट : नवीन यादव VERDICT NEWS

झांसी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुति ने पूरे स्टेशन परिसर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। देशभक्ति की जोशीली धुनों के बीच स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, मंडल आयुक्त विमलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव, एडीआरएम इंफ्रा प्रेम प्रकाश तथा एडीआरएम परिचालन नंदीश शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथियों को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।

आरपीएफ बैंड टीम ने ‘वंदे मातरम्’, ‘संदेश आते हैं’ और ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ जैसी देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। बैंड की गूंजती धुनों ने यात्रियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कुछ देर के लिए स्टेशन का वातावरण सामान्य रेल गतिविधियों से अलग होकर पूरी तरह राष्ट्रभक्ति में डूबा नजर आया।

कार्यक्रम में डीएम गौरांग राठी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पंकज त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा, सहायक सुरक्षा आयुक्त कृष्णानंद तिवारी, निरीक्षक योगेश राणा, निरीक्षक विकास पांचोली, निरीक्षक ओम प्रकाश, निरीक्षक बब्लू कुमार सहित रेलवे एवं आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति के दौरान स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने भी देशभक्ति की धुनों का आनंद लिया। कई यात्री कार्यक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। बैंड की शानदार प्रस्तुति ने स्वतंत्रता दिवस से पहले स्टेशन पर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश पहुंचाया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों एवं आमजन में राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। कार्यक्रम के माध्यम से रेलवे परिसर में देशभक्ति का संदेश देने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को भी उत्सव का रूप दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *