एसपी जीआरपी और कमांडेंट आरपीएफ ने परखी झांसी स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में सघन चेकिंग; जहरखुरानी व ज्वलनशील पदार्थों को लेकर यात्रियों को किया जागरूक

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

झांसी। स्वतंत्रता दिवस एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में सुरक्षा बलों ने गहन जांच-पड़ताल कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जीआरपी झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ जितेंद्र कुमार शर्मा ने स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म, यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों और ट्रेनों में सुरक्षा इंतजामों को परखा।

आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा और जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित आरपीएफ-जीआरपी का स्टाफ अभियान में मौजूद रहा। इसके अलावा अपराध शाखा, बम निरोधक दल और डॉग स्क्वाड की टीमों ने भी स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में जांच की।

चेकिंग के दौरान यात्रियों के सामान और आसपास के क्षेत्रों की गहनता से जांच की गई। ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थों तथा प्रतिबंधित एवं संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। सुरक्षा बलों ने यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया और किसी अनजान व्यक्ति से खान-पान की सामग्री न लेने तथा अपरिचित व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य सामग्री का सेवन न करने की सलाह दी।

यात्रियों को ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ, जीआरपी अथवा रेलवे अधिकारियों को देने के लिए भी जागरूक किया गया।

सघन चेकिंग एवं निगरानी के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि सामने नहीं आई। स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को देखते हुए स्टेशन तथा ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और निगरानी लगातार जारी रखने की बात अधिकारियों ने कही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *