डीआरएम कार्यालय से रेलवे केबल चोरी का छह घंटे में खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा की नाराजगी के बाद आरपीएफ ने तेज की कार्रवाई, 500 मीटर तांबे का तार बरामद

 

रिपोर्ट नवीन यादव

जोधपुर। जोधपुर मंडल, उत्तर पश्चिम रेलवे के आरपीएफ वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा (IRPFS) ने डीआरएम कार्यालय परिसर से रेलवे केबल चोरी की घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलते ही आरपीएफ टीम ने जांच तेज कर दी और महज छह घंटे में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 500 मीटर तांबे की तार समेत पूरी रेलवे संपत्ति बरामद कर ली। बरामद रेलवे केबल की कीमत करीब 51,205 रुपये आंकी गई है।

मामले की शुरुआत 13 अगस्त को हुई, जब रेलवे दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता मनीष ने डीआरएम कार्यालय परिसर से रेलवे केबल चोरी होने की शिकायत आरपीएफ में दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा ने अधिकारियों और आरपीएफ टीम को तत्काल कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए।

निर्देशों के बाद आरपीएफ टीम ने संदिग्धों की तलाश और जांच की कार्रवाई तेज की। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए महज छह घंटे के भीतर तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चोरी की गई 500 मीटर कॉपर वायर बरामद कर ली।

आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई से रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। बरामद रेलवे संपत्ति को सुरक्षित कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *