5 से 10 वर्ष के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान, 313 स्कूलों में लगेगा एम-आर टीका 18 से 28 अगस्त तक चलेगा अभियान, फरवरी में छूटे 31,964 बच्चों को भी किया गया था टीकाकृत अभिभावक टीकाकरण दिवस पर बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें—डॉ. शिशिर पुरी

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी, 17 अगस्त। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनपद में विशेष मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत 18 से 28 अगस्त 2026 तक सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं मदरसों में कक्षा एक से पांच तक पढ़ने वाले 5 से 10 वर्ष की आयु के बच्चों को एम-आर वैक्सीन लगाई जाएगी। जनपद के 313 विद्यालयों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि मीजल्स-रूबेला संक्रामक बीमारियां हैं और इनसे बचाव के लिए नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को 9 माह और 16 माह की आयु पर एम-आर वैक्सीन की डोज दी जाती है। नियमित टीकाकरण सत्रों में टीका लगवाने से छूटे 5 से 10 वर्ष के बच्चों को विशेष अभियान के माध्यम से टीका लगाया जा रहा है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन बच्चों का नियमित सत्र में मीजल्स-रूबेला का टीकाकरण नहीं हो सका है, उनका अभियान के दौरान टीकाकरण अवश्य कराएं। अभिभावक विद्यालय से टीकाकरण की तिथि की जानकारी लेकर संबंधित दिन बच्चों को विद्यालय भेजें, ताकि उन्हें मीजल्स-रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित किया जा सके। टीकाकरण से संबंधित जानकारी के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि झांसी सहित प्रदेश के 45 जनपदों में फरवरी 2026 में प्रथम चरण के तहत विद्यालयों में विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान जनपद में 31,964 बच्चों को एम-आर का टीका लगाया गया था। फरवरी अभियान में टीकाकरण से छूटे बच्चों के लिए अब 18, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 अगस्त को विद्यालयों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत 313 विद्यालयों में टीकाकरण किया जाएगा और प्रत्येक दिन की प्रगति की रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *