कैलारस–सबलगढ़–वीरपुर रेलखंड पर दौड़ी मेमू, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी सौगात नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली जुड़े, ब्रॉडगेज रेल सेवा से ग्वालियर-चंबल अंचल को मिली नई कनेक्टिविटी कैलारस से वीरपुर तक रेल सेवा का विस्तार, 19 अगस्त से नियमित रूप से दौड़ेंगी तीन मेमू ट्रेनें
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी/ ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल के लिए मंगलवार, 18 अगस्त का दिन रेल सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। कैलारस–सबलगढ़–वीरपुर रेलखंड पर आमान परिवर्तन के बाद यात्री रेल सेवा का विस्तार वीरपुर तक किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर वर्चुअल माध्यम से जुड़े और विस्तारित रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई।
कैलारस से सबलगढ़ होते हुए वीरपुर तक ब्रॉडगेज रेल संपर्क शुरू होने से लंबे समय से रेल सेवा की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। करीब छह वर्ष से अधिक समय के बाद इस क्षेत्र में यात्री रेल सेवा की वापसी हुई है। नई रेल सुविधा से यात्रियों के साथ किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन का सस्ता और सुविधाजनक साधन मिलेगा।
902 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ रेलखंड
कैलारस–सबलगढ़–वीरपुर का करीब 56 किलोमीटर लंबा आमान परिवर्तित रेलखंड लगभग 902 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। ब्रॉडगेज लाइन के शुरू होने से क्षेत्र का रेल संपर्क मजबूत हुआ है। इससे कृषि उपज, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
19 अगस्त से नियमित सेवा
उद्घाटन के बाद ग्वालियर से कैलारस तक चलने वाली तीन दैनिक मेमू सेवाओं का विस्तार वीरपुर तक किया गया है। नियमित विस्तारित सेवा 19 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इससे ग्वालियर से वीरपुर तक सीधे रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। पहले जहां ग्वालियर-कैलारस तक सेवा संचालित होती थी, वहीं अब इसका विस्तार करीब 116 किलोमीटर की दूरी तक हो गया है।
कैलारस के आगे सेमई, पिपलवाली चौकी, सबलगढ़, रामपहाड़ी, विजयपुर रोड और कैमारकलां जैसे स्टेशनों के यात्रियों को भी नियमित रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
श्योपुर तक रेल संपर्क की राह मजबूत
ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। वीरपुर से श्योपुर के बीच शेष रेलखंड पर निर्माण कार्य जारी है। परियोजना के पूरा होने के बाद ग्वालियर से श्योपुर तक सीधा ब्रॉडगेज रेल संपर्क स्थापित होगा।
रेल सेवा के विस्तार से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, रोजगार, व्यापार और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने लंबे इंतजार के बाद रेल सेवा शुरू होने को बड़ी उपलब्धि बताया है।










