मिर्जापुर में चमन सिंह तोमर की टीम ने संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिंह तोमर के नेतृत्व में कार्रवाई, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस में बिना टिकट मिला युवक पासपोर्ट-वीजा नहीं मिला, एलआईयू, एटीएस और आईबी को दी गई सूचना
रिपोर्ट नवीन यादव
मिर्जापुर। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा कर रहे एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। युवक के पास पासपोर्ट, वीजा और ट्रेन का टिकट नहीं मिला। पूछताछ के बाद मामले की जानकारी स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू), एटीएस और आईबी को दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत आने और कश्मीर जाने के मकसद की जांच कर रही हैं।
आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिंह तोमर के अनुसार, शनिवार को ब्रह्मपुत्र मेल (15658) मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रुकी थी। ट्रेन की नियमित जांच के दौरान आरपीएफ और जीआरपी टीम को एक युवक संदिग्ध लगा। पूछताछ और तलाशी के दौरान वह यात्रा से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रियाज अहमद, पिता मोहम्मद शाहजहां, निवासी मजलिसपुर, पोस्ट हाबीगंज, थाना हाबीगंज सदर, जनपद हाबीगंज, सिलहट डिवीजन, बांग्लादेश बताया। जांच के दौरान उसके पास पासपोर्ट और वीजा नहीं मिला तथा वह बिना टिकट यात्रा करता पाया गया।
आरपीएफ और जीआरपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एलआईयू, एटीएस और आईबी टीम को सूचना देकर जांच में सहयोग के लिए अवगत कराया। तलाशी में युवक के पास से एक बिना सिम का मोबाइल फोन, एक पर्स, 110 रुपये नकद और जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति सहित अन्य सामान बरामद हुआ।
सुरक्षा एजेंसियां अब युवक के भारत में प्रवेश, उसकी यात्रा के उद्देश्य और कश्मीर जाने की वजह समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं।










