ललितपुर थाना आरपीएफ ने यात्री को पकड़कर की कार्रवाई, ट्रेन में चेन खींचने का मामला टीकमगढ़ स्टेशन पर दस मिनट तक प्रभावित रही यात्री गाड़ी, रेलवे सुरक्षा बल ने युवक को मौके पर पकड़ा

झांसी/ ललितपुर/ टीकमगढ़। ऑपरेशन समय पालन के तहत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा गाड़ी संख्या 64648 यात्री गाड़ी में आपातकालीन चेन खींचने के मामले में एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया। घटना 25 अगस्त 2026 को टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर हुई।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 64648 यात्री गाड़ी टीकमगढ़ स्टेशन पर पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक ने आपातकालीन चेन खींच दी, जिससे गाड़ी करीब 10 मिनट तक प्रभावित रही। चेन खींचकर उतरते समय सहायक उप निरीक्षक समर सिंह और प्रधान आरक्षक अवधेश कुमार यादव ने युवक को मौके पर पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान गोलू, पुत्र विनोद, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्रपुरा, थाना कुरिला, जिला टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके साथ आने वाले लोग अभी नहीं पहुंचे थे, इसलिए उसने आपातकालीन चेन खींच दी।

रेलवे अभिलेख के अनुसार, घटना का समय दोपहर 12:24 बजे से 12:34 बजे तक रहा। इस दौरान गाड़ी लगभग 10 मिनट प्रभावित हुई।

मामले में सहायक उप निरीक्षक समर सिंह द्वारा आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत अपराध क्रमांक 936/2026 पंजीकृत किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि बिना उचित कारण आपातकालीन चेन का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे ट्रेन के संचालन और समय पालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *