वंदे भारत पर पत्थरबाजी मामले में ललितपुर आरपीएफ ने आरोपी पकड़ा 16 अगस्त की घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी/ ललितपुर। 16 अगस्त को खजुराहो से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22469) पर हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
घटना के बाद ट्रेनों और रेल पटरियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाई गई। रेलवे एवं सुरक्षा बलों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य उपलब्ध फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया। जांच के दौरान सफलता मिलने पर ललितपुर आरपीएफ ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
आरपीएफ द्वारा आरोपी से पूछताछ के साथ ही घटना में उसकी भूमिका और पत्थरबाजी के कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल की कार्रवाई के बाद रेल मार्ग पर ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रेल संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्येंद्र कुमार पुत्र ठाकुरदास, निवासी ग्राम सुजानपुरा, थाना बल्देवगढ़, जिला टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










