रिपोर्ट नवीन यादव
झाँसी। झाँसी–मानिकपुर रेलखंड के दोहरीकरण कार्य को गति देने के लिए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बेतवा नदी पर निर्माणाधीन महत्वपूर्ण रेल पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की अधिसंरचना, निर्माण कार्य की प्रगति और गर्डर चढ़ाने की प्रक्रिया का मौके पर पहुंचकर विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पुल के विभिन्न निर्माण स्थलों का अवलोकन किया और निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुपालन की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से प्रगति की स्थिति जानी तथा जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम ने कार्यस्थल पर संरक्षा मानकों के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। बेतवा नदी पर बन रहा यह पुल झाँसी–मानिकपुर दोहरीकरण परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुल की अधिसंरचना और गर्डर चढ़ाने का कार्य परियोजना की दिशा में अहम चरण माना जा रहा है।
झाँसी–मानिकपुर रेलखंड के दोहरीकरण से रेल मार्ग की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम हो सकेगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यात्री और माल परिवहन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










