टिकट जांच का चला डंडा, बाँदा स्टेशन पर मचा हड़कंप 187 यात्रियों पर कार्रवाई, रेलवे ने वसूले 1,60,955 रुपये

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 3 सितंबर को बाँदा रेलवे स्टेशन और वहां से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में चले अभियान का नेतृत्व मंडल वाणिज्य प्रबंधक पंकज त्रिपाठी ने किया।

टिकट जांच टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और ट्रेनों में व्यापक जांच की। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट, निर्धारित सीमा से अधिक अथवा अनाधिकृत सामान के साथ यात्रा करने वालों तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 187 यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 1,60,955 रुपये का रेल राजस्व जुर्माना एवं अतिरिक्त किराये के रूप में वसूला गया। सघन जांच से बिना टिकट और रेलवे नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मचा रहा।

अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीना के साथ टिकट जांच स्टाफ सर्वेश सिंह, आरके दुबे, वीरेंद्र कुमार, अंशुल त्रिपाठी, सतीश कुमार और नंद किशोर ने सक्रिय भूमिका निभाई।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे नियमानुसार बुक कराएं तथा रेल परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखते हुए रेलवे के नियमों का पालन करें। मंडल में इस तरह के सघन टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *