झांसी में H1N1 की दस्तक, छात्र की रिपोर्ट आई पॉजिटिव मरीज में गंभीर लक्षण नहीं, घर में ही चल रहा उपचार बामौर निवासी छात्र शिवाजी नगर में किराए के मकान में रहकर कर रहा पढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की टीम परिजनों की करेगी जांच, सीएमओ ने सतर्कता बरतने की अपील की

झांसी, । जनपद झांसी में इंफ्लुएंजा-ए-H1N1 संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि 2 सितंबर को जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से एक मरीज की रिपोर्ट 3 सितंबर को इंफ्लुएंजा-ए-H1N1 के लिए धनात्मक पाई गई है।

बताया गया कि संक्रमित मरीज बामौर क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में शिवाजी नगर में किराए के मकान में रह रहा है। मरीज छात्र है और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। उसे चार दिन पूर्व बुखार आया था, जिसके बाद वह मेडिकल कॉलेज झांसी में जांच कराने पहुंचा और उसका नमूना लिया गया। जांच रिपोर्ट में इंफ्लुएंजा-ए-H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।

गंभीर लक्षण नहीं

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि वर्तमान में मरीज में किसी प्रकार के गंभीर लक्षण नहीं हैं। मरीज को इंफ्लुएंजा-ए-H1N1 के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समुचित उपचार दिया गया है और उसे होम आइसोलेशन में रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के परिजनों के पास भेजी जाएगी। टीम परिवार के अन्य सदस्यों में बीमारी से संबंधित लक्षणों की पहचान करेगी और आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देश भी देगी।

खांसी-बुखार को नजरअंदाज न करें

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खांसी, जुकाम, बुखार आदि के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी चिकित्सालय से संपर्क करें और स्वयं से बीमारी का इलाज न करें। उन्होंने लोगों से हाथों की नियमित सफाई रखने, छींकते और खांसते समय शिष्टाचार का पालन करने तथा अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने जैसे स्वस्थ व्यवहार अपनाने की अपील की है।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *