संतोष कुमार सिंह राठौर के निर्देशन में मुंबई सेंट्रल में आरपीएफ का शिकंजा अगस्त में 2,581 मामलों में कार्रवाई, 32.26 लाख रुपये जुर्माना वसूला 3 सितंबर 2026 को पदोन्नति के बाद संतोष कुमार सिंह राठौर बने डीआईजी-कम-सीएससी
रिपोर्ट नवीन यादव
मुंबई। रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ मुंबई सेंट्रल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अगस्त माह में व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 2,581 मामलों में कार्रवाई करते हुए 32.26 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मुंबई सेंट्रल मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त संतोष कुमार सिंह राठौर के निर्देशन में आरपीएफ ने रेलवे ट्रैक पर अनाधिकृत प्रवेश, अवैध वेंडिंग, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोचों में अनधिकृत प्रवेश, शराब की अवैध ढुलाई तथा यात्रियों को परेशान करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अवैध वेंडिंग के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। धारा 144 के तहत 774 अवैध वेंडरों को पकड़ा गया और उनसे 15.48 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं रेलवे ट्रैक और प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले 985 लोगों पर धारा 147 के तहत कार्रवाई कर 4.92 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लेडीज कोच में अनाधिकृत प्रवेश करने वाले 83 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। धारा 162 के तहत इनसे 2.07 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोचों में अनधिकृत रूप से सफर करने वाले 474 लोगों पर धारा 155 के तहत कार्रवाई कर करीब 9.48 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में यात्रियों से जबरन वसूली एवं दुर्व्यवहार के मामलों में भी कार्रवाई की गई। धारा 145-बी के तहत 211 मामलों में कार्रवाई हुई। रेलवे परिसर में शराब की अवैध ढुलाई के खिलाफ अभियान में 32 लोगों को पकड़ा गया।
इसके अलावा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों, रेलवे परिसर में धूम्रपान करने वालों तथा ट्रेनों और कोचों पर पोस्टर-स्टिकर चिपकाकर रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। चलती ट्रेन के फुटबोर्ड पर खतरनाक तरीके से यात्रा करने वाले व्यक्ति तथा बिना उचित कारण अलार्म चेन खींचने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। यात्री का सामान चोरी करते पकड़े गए एक संदिग्ध आदतन अपराधी को भी आरपीएफ ने दबोचा।
आरपीएफ की कार्रवाई का उद्देश्य रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा, अनुशासन और सुविधाओं को सुनिश्चित करना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
उल्लेखनीय है कि 3 सितंबर 2026 को संतोष कुमार सिंह राठौर को पदोन्नति देकर रेलवे सुरक्षा बल में उप महानिरीक्षक (डीआईजी-कम-सीएससी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रिपोर्ट : नवीन यादव










