कोहरे में सुरक्षित रेल संचालन पर झांसी मंडल में  शंटिंग में लापरवाही और शॉर्टकट से बचने पर जोर, 81 रेलकर्मियों को किया जागरूक रेल फाटकों पर सतर्कता और विद्युतीकृत रेलखंडों में निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन के निर्देश

 

 

**झांसी, 29 अक्टूबर।** सर्दियों में कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए झांसी मंडल में संरक्षा संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एरिया ट्रेनिंग सेंटर (यातायात), झांसी में संरक्षा सेमिनार आयोजित कर रेलकर्मियों को संभावित जोखिमों, सुरक्षा उपायों और निर्धारित नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर आयोजित इस सेमिनार में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के सुपरवाइजरों और कर्मचारियों सहित कुल 81 रेलकर्मियों ने भाग लिया।

**कोहरे में संचालन से लेकर आग से बचाव तक दी जानकारी**

सेमिनार में कोहरे और शीतकालीन परिस्थितियों में रेल संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों को ब्रेक जाम होने, हॉट एक्सल की पहचान, आग लगने के संभावित कारणों और ऐसी स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही शंटिंग के दौरान शॉर्टकट अपनाने से बचने, रेल वाहनों के लोड को स्थिर रखने तथा रोलिंग डाउन जैसी घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।

**रेल फाटकों और शंटिंग में लापरवाही न बरतने की हिदायत**

विद्युतीकृत रेलखंडों पर कार्य करते समय आवश्यक सावधानियों के साथ बिजली आपूर्ति बंद करने और दोबारा चालू करने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए। कोहरे के दौरान ट्रेन संचालन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संरक्षा नियमों की अनदेखी नहीं करने के प्रति भी कर्मचारियों को सचेत किया गया।

समापन अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन ने कर्मचारियों को सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेल फाटकों पर विशेष सावधानी बरतने तथा शंटिंग के दौरान किसी भी परिस्थिति में शॉर्टकट नहीं अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और सुपरवाइजरों के बीच बेहतर समन्वय एवं तालमेल से ही रेल संचालन को सुरक्षित बनाया जा सकता है। सेमिनार का समापन **“संरक्षा पहले, संरक्षा अंत तक और संरक्षा हर समय”** के संदेश के साथ हुआ।

**रिपोर्ट: नवीन यादव**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *