रेलवे स्टेशन पर बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग करने पर आरपीएफ सख्त, यू-ट्यूबर को थमाया नोटिस अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान की कवरेज के दौरान नियमों के उल्लंघन का आरोप, रेलवे सुरक्षा बल ने अपनाया सख्त रुख रेलवे स्टेशन पर समाचार कवरेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए सीपीआरओ अथवा सक्षम जनसंपर्क अधिकारी से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक, बिना अनुमति रिकॉर्डिंग पर आरपीएफ ने की कार्रवाई
जबलपुर, 30 अक्टूबर। रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सख्त रुख अपनाया है। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग करने के मामले में आरपीएफ ने स्थानीय यू-ट्यूबर जसवंत सिंह राजपूत को नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, जबलपुर स्टेशन पर आरपीएफ की ओर से अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय यूट्यूब न्यूज चैनल ‘प्रदेश की न्यूज’ के संचालक जसवंत सिंह राजपूत स्टेशन परिसर में पहुंचे। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों से बातचीत करने के साथ खानपान स्टॉलों की स्थिति और आरपीएफ की कार्रवाई का वीडियो रिकॉर्ड किया।
बताया गया कि वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान उनके पास रेलवे प्रशासन की ओर से जारी कोई लिखित अनुमति अथवा मीडिया पास नहीं था। इसी आधार पर आरपीएफ ने रेलवे परिसर में बिना अनुमति रिकॉर्डिंग और सुरक्षा संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में उन्हें नोटिस जारी किया।
पूर्व अनुमति लेकर ही करें कवरेज
रेलवे स्टेशन परिसर में समाचार कवरेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए निर्धारित अनुमति प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) अथवा सक्षम जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) से पूर्व अनुमति प्राप्त करनी होती है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म, रेल पटरियां और अन्य संवेदनशील क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। ऐसे स्थानों पर कवरेज के दौरान रेलवे के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन जरूरी है।
आरपीएफ की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यू-ट्यूबर के समर्थकों का कहना है कि वह यात्रियों की समस्याओं और स्टेशन पर खानपान स्टॉलों की वास्तविक स्थिति को जनहित में सामने लाने के लिए कवरेज कर रहे थे। वहीं, रेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन को प्राथमिकता देने की बात कही जा रही है।
फिलहाल आरपीएफ मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपना रही है। इस घटनाक्रम ने रेलवे स्टेशनों पर मीडिया कवरेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अनुमति संबंधी नियमों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
रिपोर्ट नवीन यादव | VERDICT NEWS










