भाजपा का फ्लॉप शो, 2027 में सत्ता परिवर्तन की पटकथा लिख चुकी जनता : अखिलेश यादव बोले—‘डबल इंजन की डबल हार’, टिकट के लिए प्रत्याशी नहीं मिल रहे; पीडीए की एकजुटता बनेगी भाजपा की विदाई का आधार

रिपोर्ट नवीन यादव

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनावों में पार्टी की जीत को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताते हुए इसे वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का संकेत करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ‘फ्लॉप शो’ बन गई है और विधान परिषद चुनाव में मिली हार ने आगामी विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना लिख दी है।

मतदाताओं के नाम जारी अपने संदेश में अखिलेश यादव ने वाराणसी में मतगणना और दोबारा मतगणना के बाद भी भाजपा प्रत्याशियों की हार का उल्लेख करते हुए इसे ‘डबल इंजन की डबल हार’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के हितों के विपरीत हैं। पढ़े-लिखे बेरोजगार स्नातकों ने भी अपने मतदान के माध्यम से सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों से समाज का हर वर्ग पीड़ित, दुखी और अपमानित महसूस कर रहा है। इसी कारण विभिन्न वर्गों की एकजुटता बढ़ी है। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की बढ़ती राजनीतिक ताकत का दावा करते हुए कहा कि पीडीए का जनाधार अब 95 प्रतिशत हो गया है। उनका कहना था कि ‘जो पीड़ित, वो पीडीए’।

सपा प्रमुख ने भाजपा पर चुनावों में हेराफेरी के आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर भी असंतोष और अंदरूनी खींचतान बढ़ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पहले प्रत्याशियों का सर्वे करा रही थी, लेकिन अब दूरबीन लेकर उम्मीदवार तलाश रही है। स्थिति यह है कि भाजपा की टिकट की खिड़की खाली है और विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी सामने नहीं आ रहे हैं।

अखिलेश यादव ने चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को बधाई दी। साथ ही उन प्रत्याशियों का भी अभिनंदन किया, जिन्हें उनके अनुसार चुनावी चालबाजी और हेराफेरी के कारण हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए ऐसे सभी प्रत्याशी विजेता हैं, भले ही उन्हें प्रमाणपत्र न मिला हो।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के शिक्षकों और अपने भविष्य को लेकर चिंतित युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि मतदाताओं ने न केवल समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान किया, बल्कि पार्टी के पीडीए प्रहरियों के साथ मतगणना के दौरान निगरानी भी रखी और प्रमाणपत्र मिलने तक डटे रहे।

सपा प्रमुख ने विश्वास जताया कि मतदाताओं की यही सजगता, एकजुटता और समर्थन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने की निर्णायक नींव बनेगा। अंत में उन्होंने सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चुनाव में मिले समर्थन को पार्टी की बड़ी राजनीतिक ताकत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *