राजधानी, दुरंतो और शताब्दी में अब पासधारक भी कर सकेंगे उच्च श्रेणी में सफर रेलवे बोर्ड का बड़ा फैसला, निर्धारित किराये का अंतर चुकाकर मिलेगी उच्च श्रेणी में यात्रा की सुविधा; सेवारत और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों सहित विधवा पासधारकों को लाभ
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने सेवारत एवं सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के साथ विधवा पासधारकों को बड़ी राहत देते हुए राजधानी, दुरंतो और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में उच्च श्रेणी में यात्रा करने को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है।
रेलवे बोर्ड ने 30 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश (आरबीई संख्या 86/2026) में स्पष्ट किया है कि अब प्रिविलेज पास (पीपी), पोस्ट रिटायरमेंट कॉम्प्लिमेंट्री पास (पीआरसीपी) और विडो पास (डब्ल्यूपी) धारक अपनी पास पर अनुमन्य श्रेणी से उच्च श्रेणी में भी यात्रा कर सकेंगे।
इसके लिए यात्रियों को पास पर अनुमन्य श्रेणी और जिस उच्च श्रेणी में यात्रा करनी है, उसके किराये के बीच का अंतर भुगतान करना होगा। यानी निर्धारित अंतर राशि जमा कर पासधारक प्रीमियम ट्रेनों में अपनी यात्रा श्रेणी को उच्च स्तर पर ले जा सकेंगे।
रेलवे बोर्ड ने यह सुविधा रेलवे सेवक पास नियम, 1986 (आरएसपीआर-1986) की अनुसूची-द्वितीय के नियम 3(एक्स) के तहत स्पष्ट की है। इस संबंध में संशोधित यात्रा पात्रता का विवरण अनुलग्नक-एक और अनुलग्नक-दो में जारी किया गया है।
आदेश में रेलवे की सूचना प्रौद्योगिकी इकाइयों क्रिस (सीआरआईएस/पीआरएस) और क्रिस (सीआरआईएस/एचआरएमएस) को आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) तथा एचआरएमएस के ई-पास मॉड्यूल में आवश्यक बदलाव तत्काल करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि नई व्यवस्था के अनुसार पासधारकों को सुविधा मिल सके।
रेलवे बोर्ड के इस स्पष्टीकरण से हजारों सेवारत रेल कर्मचारियों, पेंशनभोगी रेलकर्मियों और विधवा पासधारकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि अब निर्धारित किराया अंतर का भुगतान कर प्रीमियम ट्रेनों में उच्च श्रेणी में सफर करने का रास्ता साफ हो गया है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










