किसी का अपनों से संपर्क, किसी की परीक्षा की तैयारी… रेलवे के चार्जिंग पॉइंट बने हजारों चेहरों की राहत! किसी की उम्मीद, किसी का सहारा बना मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रेलवे की पहल आई काम डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में झांसी मंडल के स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग सुविधा, पीईटी परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों को मिली राहत

 

झांसी। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय मोबाइल की बैटरी खत्म हो जाए तो यात्रियों की परेशानी बढ़ना स्वाभाविक है। किसी को अपने परिवार से बात करनी होती है तो किसी को आगे की यात्रा की जानकारी जुटानी होती है। आज के दौर में मोबाइल केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि सफर का एक महत्वपूर्ण साथी बन चुका है। यात्रियों की इसी जरूरत को समझते हुए झांसी मंडल रेल प्रशासन की पहल लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रही है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम के निर्देश पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन सहित मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं। इन सुविधाओं का लाभ प्रतिदिन बड़ी संख्या में रेल यात्री उठा रहे हैं।

शुक्रवार को पीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए झांसी पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों के लिए भी ये चार्जिंग पॉइंट काफी मददगार साबित हुए। परीक्षा देने आए युवाओं ने स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते हुए अपने मोबाइल फोन चार्ज किए। किसी के लिए मोबाइल परिवार से जुड़े रहने का जरिया था तो किसी के लिए परीक्षा संबंधी जरूरी सूचनाएं हासिल करने का माध्यम।

रेलवे की इस व्यवस्था की खासियत यही है कि इसका महत्व उस समय समझ आता है, जब यात्री को इसकी सबसे अधिक जरूरत होती है। एक तरफ अपने घर-परिवार से दूर सफर कर रहे यात्रियों को राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने आए युवाओं को भी सुविधा का लाभ मिल रहा है।

यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में ऐसी छोटी-छोटी पहल ही रेल सफर को अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाती हैं। आखिरकार रेलवे की सफलता केवल यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाने में नहीं, बल्कि उनकी यात्रा को सहज और सुविधाजनक बनाने में भी है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *