बारिश भी नहीं डिगा सकी आरपीएफ जवानों का जज्बा, पहली महिला महानिदेशक सोनाली मिश्रा को दी गई भावभीनी विदाई बरसात के बीच परेड ग्राउंड में अनुशासन और समर्पण का दिखा अद्भुत नजारा, 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहीं रेलवे सुरक्षा बल की पहली महिला महानिदेशक
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने बारिश के बीच भी अपने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय दिया। दिल्ली के दयाबस्ती स्थित छठी बटालियन परिसर में आयोजित विदाई परेड में जवान बरसात के बावजूद डटे रहे। यह आयोजन रेलवे सुरक्षा बल की निवर्तमान महानिदेशक एवं पहली महिला महानिदेशक सुश्री सोनाली मिश्रा (आईपीएस) के सम्मान में किया गया।
नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल की पहली महिला महानिदेशक सुश्री सोनाली मिश्रा के सम्मान में 30 अक्टूबर को दिल्ली के दयाबस्ती स्थित रेलवे सुरक्षा विशेष बल की छठी बटालियन में भव्य निरीक्षण सह विदाई परेड आयोजित की गई। इस दौरान आरपीएफ और आरपीएसएफ की विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट कर उन्हें सलामी दी। बैंड की धुनों के बीच आयोजित समारोह में जवानों का अनुशासन और एकजुटता देखने को मिली।
बारिश के बीच जवानों के परेड में डटे रहने का दृश्य उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण को दर्शाता रहा। महानिदेशक ने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों की वर्दी, अनुशासन और कार्यशैली की सराहना की।
सुश्री सोनाली मिश्रा ने 1 अगस्त 2025 को आरपीएफ महानिदेशक का पदभार संभाला था। मध्य प्रदेश कैडर की वर्ष 1993 बैच की आईपीएस अधिकारी के रूप में उन्होंने तीन दशक से अधिक समय तक पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, सीमा सुरक्षा बल और मध्य प्रदेश पुलिस में भी सेवाएं दे चुकी हैं।
उनके कार्यकाल में रेलवे सुरक्षा बल के आधुनिकीकरण, तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा और जवानों की व्यावसायिक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्ति के अवसर पर आरपीएफ की पहली महिला महानिदेशक के रूप में उनका कार्यकाल बल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।
रिपोर्ट: नवीन यादव










