लौह पुरुष सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर झाँसी मंडल ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश* *मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने दिलाई राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ, अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक निकाली ‘रन फॉर यूनिटी’* *झाँसी, 31 अक्टूबर 2026।*

 

 

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स, रेल सुरक्षा बल के जवानों तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व से अवगत कराने के साथ हुआ। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरणादायी जीवन, स्वतंत्रता के पश्चात देशी रियासतों के एकीकरण तथा एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक एकता को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सामूहिक सहभागिता एवं राष्ट्र के प्रति एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में **‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता के लिए दौड़)** का आयोजन किया गया। दौड़ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से प्रारंभ होकर सीनियर इंस्टीट्यूट के रास्ते मंडल रेल चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुई। इसमें मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्काउट्स एवं गाइड्स, रेल सुरक्षा बल के जवानों तथा बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में शामिल होकर एकता, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन एवं मंडल खेलकूद अधिकारी श्री नंदीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्रीमती रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अतुल यादव, श्रीमती सीमा तिवारी सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स, रेल सुरक्षा बल के जवान तथा बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से झाँसी मंडल ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए यह संदेश दिया कि **राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता केवल हमारा संकल्प ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व भी है।**
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार का वक्तव्य :

*मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार का वक्तव्य* : “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं दृढ़ नेतृत्व से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रेरणा देता है। भारतीय रेल देश के विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं, संस्कृतियों एवं समुदायों को जोड़ने वाली एक सशक्त कड़ी है। हमारा दायित्व है कि हम अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए आपसी सहयोग, समर्पण एवं टीम भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *