वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली में इंडिया गठबंधन की संयुक्त महारैली, झाँसी से एक हजार कांग्रेसजन रवाना पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की ओर किया कूच, राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में होगी महारैली
झाँसी। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की संयुक्त महारैली में शामिल होने के लिए झाँसी से लगभग एक हजार कांग्रेसजन दिल्ली रवाना हो गए हैं। यह जानकारी बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट ने दी।
उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित इस महारैली का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध और विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर आवाज उठाना है। महारैली में इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में झाँसी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेन्द्र सिंह यादव, बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट, शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, योगेंद्र सिंह पारीछा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं।
राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि झाँसी से लगभग एक हजार कांग्रेसजन चार पहिया वाहनों और विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से दिल्ली पहुंच रहे हैं। कार्यकर्ताओं में महारैली में भाग लेने को लेकर उत्साह है। दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इस महारैली में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रिपोर्ट: नवीन यादव










