उत्तर प्रदेश में सात साल बाद भी एम्स को कैथ लैब नहीं दे सकी सरकार, फिर किस काम का आधुनिक स्वास्थ्य मॉडल? गोरखपुर एम्स की कार्यकारी निदेशक को ही इलाज के लिए जाना पड़ा निजी अस्पताल, पूर्वांचल और बिहार के मरीजों की परेशानी पर उठे गंभीर सवाल; सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों की होगी परीक्षा।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच गोरखपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्वांचल के साथ बिहार के सीमावर्ती जिलों के हजारों मरीजों के लिए उम्मीद बने इस संस्थान में सात वर्ष बीत जाने के बाद भी कैथ लैब जैसी महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि अब इसी संस्थान की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता को भी उपचार के लिए निजी अस्पताल का रुख करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता की तबीयत खराब होने पर उन्हें गोरखपुर एम्स में ही भर्ती कराया गया। वहां प्रारंभिक जांच और उपचार किया गया, लेकिन हृदय संबंधी जांच के लिए कैथ लैब की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। बताया गया कि वह लगभग आधे घंटे तक निजी अस्पताल में रहीं और इसके बाद वापस एम्स लौट आईं।
इस घटनाक्रम ने स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर बहस छेड़ दी है। जब एम्स की कार्यकारी निदेशक को ही जरूरी चिकित्सा सुविधा के लिए निजी अस्पताल पहुंचना पड़ा, तो उन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है, जो बेहतर और सस्ता इलाज पाने की उम्मीद में दूर-दराज के क्षेत्रों से गोरखपुर एम्स पहुंचते हैं।
सात साल में भी क्यों नहीं शुरू हुई कैथ लैब?
गोरखपुर एम्स की स्थापना का उद्देश्य पूर्वांचल और आसपास के राज्यों के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था। लेकिन सात साल बाद भी कैथ लैब जैसी महत्वपूर्ण सुविधा का इंतजार होना व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। हृदय रोगियों के लिए कैथ लैब बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसके माध्यम से एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी प्रक्रियाएं की जाती हैं। सुविधा के अभाव में जरूरतमंद मरीजों को दूसरे अस्पतालों पर निर्भर होना पड़ सकता है और गंभीर परिस्थितियों में रेफर करने की नौबत भी आती है।
सरकार और स्वास्थ्य विभाग से सीधे सवाल
आखिर उत्तर प्रदेश में इतने महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान को सात वर्षों में कैथ लैब जैसी सुविधा क्यों नहीं मिल सकी? इसके लिए जिम्मेदार कौन है? क्या बजट, उपकरण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के नाम पर मरीजों की जरूरतों को लगातार टाला जाता रहा? जब सरकार आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की बात करती है, तो फिर गोरखपुर एम्स में जरूरी सुविधाओं की कमी क्यों बनी हुई है?
एम्स प्रशासन की ओर से कैथ लैब शुरू करने की प्रक्रिया जारी होने और दिसंबर 2026 तक इसे चालू करने का लक्ष्य बताए जाने की जानकारी सामने आई है। अब देखना होगा कि यह समयसीमा पूरी होती है या मरीजों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ता है।
सवाल केवल एक कैथ लैब का नहीं, बल्कि हजारों मरीजों के भरोसे का है। अस्पतालों की उपलब्धियां भवनों, उद्घाटनों और सरकारी घोषणाओं से नहीं, बल्कि मरीजों को मिलने वाले समय पर और बेहतर उपचार से तय होती हैं। उत्तर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए, ताकि पूर्वांचल और बिहार के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।
रिपोर्ट: नवीन यादव










