झाँसी मंडल को मिला नया कमिश्नर, कृष्ण कुमार संभालेंगे प्रशासनिक कमान 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले, विमल कुमार दुबे की सेवानिवृत्ति के बाद शासन ने सौंपी नई जिम्मेदारी

झाँसी। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इसी क्रम में झाँसी मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में कृष्ण कुमार (आईएएस, 2010 बैच) की नियुक्ति की गई है। वह 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे का स्थान लेंगे।

कृष्ण कुमार इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके पास प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (उत्तर प्रदेश) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा ग्रेटर शारदा सहायक विकास प्राधिकरण के परियोजना प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार भी था।

प्रशासनिक और विभागीय कार्यों का लंबा अनुभव रखने वाले कृष्ण कुमार के सामने अब झाँसी मंडल के विकास कार्यों को गति देने, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी।

झाँसी, ललितपुर और जालौन तीन जनपदों वाले इस मंडल में नए मंडलायुक्त की नियुक्ति से प्रशासनिक स्तर पर नई कार्ययोजना और विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि नए मंडलायुक्त जनसमस्याओं के समाधान, विकास योजनाओं की प्रगति और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर किस तरह की प्राथमिकताएं तय करते हैं।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *