सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया: हरदोई पुलिस को चकमा देकर चलती कार से कूदा शिवेंद्र एनबीडब्ल्यू वारंट की तामीला कराने मऊरानीपुर पहुंची थी हरदोई पुलिस, काली सरकार उर्फ प्रदीप शुक्ला की तलाश में जुटी थी टीम
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में 31 अक्टूबर 2026 को उस समय घटनाक्रम सामने आया, जब हरदोई जनपद की पुलिस एक मामले में गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) की तामीला कराने के लिए काली सरकार उर्फ प्रदीप शुक्ला की तलाश में पहुंची।
जानकारी के अनुसार, हरदोई पुलिस स्थानीय थाना मऊरानीपुर के उपनिरीक्षक प्रांजल सिंह के साथ काली सरकार के मंदिर पहुंची, लेकिन वहां वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि पूर्व में जब हरदोई पुलिस काली सरकार उर्फ प्रदीप शुक्ला को अपने साथ ले गई थी, तब ग्राम कुरैचा निवासी शिवेंद्र उसे अपनी सुपुर्दगी में वापस लेकर आया था।
इसी जानकारी के आधार पर पुलिस शिवेंद्र की तलाश करते हुए उसके ढाबे पर पहुंची। काली सरकार के संबंध में पूछताछ और जानकारी हासिल करने के लिए हरदोई पुलिस शिवेंद्र को अपनी निजी कार में बैठाकर ले जा रही थी। इसी दौरान शिवेंद्र कथित तौर पर चलती कार से पुलिसकर्मियों को धक्का देकर कूद गया। इस घटनाक्रम में उसे चोट लगने की आशंका जताई गई है।
पुलिस के अनुसार, शिवेंद्र के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। प्रकरण में संबंधित तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










