एसपी सिटी प्रीति सिंह ने जारी किए सीसीटीवी फुटेज, अधिवक्ता के आरोपों को बताया निराधार एसएचओ पर गाली-गलौज के आरोप की जांच में सामने आया 26 सेकंड का घटनाक्रम, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट और मोबाइल लूट की घटना भी कैमरे में कैद होने का दावा
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। अधिवक्ता रोमेश अग्रवाल द्वारा थाना कोतवाली में एसएचओ पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाए जाने के मामले में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने सीसीटीवी फुटेज जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच में अधिवक्ता द्वारा लगाए गए आरोप निराधार पाए गए हैं।
एसपी सिटी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई देता है कि अधिवक्ता रोमेश अग्रवाल एसएचओ के कक्ष में महज 26 सेकंड तक रहे। इस दौरान उनके साथ किसी प्रकार की गाली-गलौज होने की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, 30 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मोबाइल लूट की घटना भी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस का कहना है कि इन सभी साक्ष्यों से विवेचनाधीन प्रकरणों में पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाए जाने की बात सामने आती है। घटना से संबंधित तीन सीसीटीवी फुटेज भी जारी किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने घटनाक्रम की वास्तविकता सामने रखने के लिए प्रेषित किया है।
पुलिस द्वारा जारी फुटेज के आधार पर अब इस पूरे प्रकरण में घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों को लेकर नए तथ्य सामने आए हैं।










