एएसपी सिमरन सिंह ने दी जानकारी: प्रेमनगर के बिजौली में खदान में मिले पति-पत्नी के शव, डूबने से मौत की आशंका गोताखोरों की मदद से निकाले गए शंकर और उनकी पत्नी गिरिजा के शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली चौकी अंतर्गत रविवार 1 नवंबर 2026 को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के पास स्थित खदान में पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। दोनों की पहचान शंकर और उनकी पत्नी गिरिजा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना पत्नी किशोरी ने बिजौली चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे शंकर और बहू गिरिजा के शव घर के पास स्थित खदान में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को खदान के पानी से बाहर निकलवाया।
इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री सिमरन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एक ही परिवार के पति-पत्नी के शव खदान में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।










