छोटा कद, बड़ा जोश! नारेबाजी करते सपा कार्यकर्ता को गोद में उठाकर बस तक दौड़ा दरोगा, लखनऊ में प्रदर्शन का वीडियो वायरल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर हजरतगंज में सपाइयों का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा

 

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

लखनऊ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। हजरतगंज चौराहे पर एकत्रित हुए सपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘गुस्से में है सारा देश, इस्तीफा दे दो ज्ञानेश’ जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान एक छोटे कद के सपा कार्यकर्ता ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस बस में बैठाने लगी तो छोटे कद का यह कार्यकर्ता भी पुलिस के घेरे में आ गया। इसी दौरान एक दरोगा ने उसे गोद में उठा लिया और दौड़ते हुए बस तक पहुंच गया। बस के पास मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे पकड़कर अंदर बैठा दिया। छोटे कद के कार्यकर्ता का बड़े उत्साह के साथ नारेबाजी करना और फिर दरोगा द्वारा गोद में उठाकर बस तक ले जाने का घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होता नजर आया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी। कुछ कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे, जिससे हजरतगंज चौराहे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेज दिया।

गौरतलब है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। लखनऊ में समाजवादी पार्टी का यह प्रदर्शन भी इसी विरोध का हिस्सा रहा।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *