होटल सिटी पैलेस की गंदगी से ग्वाल टोली के लोग परेशान, पोस्ट ऑफिस आने-जाने वालों का निकलना मुश्किल शौचालय की बदबू और सड़क पर फैले गंदे पानी से लोगों का जीना दुश्वार, वार्ड 44 में नगर निगम की अनदेखी पर उठे सवाल
रिपोर्ट: नवीन यादव | झांसी
झांसी के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित ग्वाल टोली मोहल्ले में पोस्ट ऑफिस वाली गली में होटल सिटी पैलेस के आसपास फैली गंदगी और गंदा पानी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। होटल के शौचालय से उठने वाली तेज दुर्गंध और आसपास फैल रहे गंदे पानी के कारण मोहल्ले के निवासियों के साथ-साथ पोस्ट ऑफिस आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में फैली गंदगी और शौचालय की बदबू के कारण वहां से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। दुर्गंध के चलते लोगों को नाक पर कपड़ा रखकर निकलना पड़ता है। इससे आसपास के वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर निगम के वार्ड नंबर 44 में जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब सार्वजनिक रास्ते से पोस्ट ऑफिस आने-जाने वाले नागरिकों को परेशानी हो रही है, तो आखिर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी कब जागेंगे?
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि होटल सिटी पैलेस के आसपास फैले गंदे पानी की तत्काल निकासी कराई जाए, शौचालय की स्वच्छता की जांच हो तथा गली में नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि नगर निगम प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक कराता है या फिर ग्वाल टोली के लोगों को इसी गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर होना पड़ेगा।










