दीपावली-छठ पर आगरा फोर्ट स्टेशन अलर्ट, आरपीएफ ने चलाया सघन चेकिंग अभियान पटाखे, पेट्रोल और गैस सिलेंडर लेकर ट्रेन में सफर करने वालों पर विशेष नजर, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
आगरा। दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आगरा फोर्ट ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ आगरा फोर्ट के निर्देशन में स्टेशन परिसर और विभिन्न ट्रेनों में सघन चेकिंग एवं विशेष सतर्कता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन के प्रतीक्षालय, मुख्य प्रवेश द्वार, पार्सल कार्यालय सहित पूरे रेल परिसर की जांच की गई। इसके अलावा अजमेर-आगरा फोर्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस (22987/22988) और कासगंज-आगरा फोर्ट पैसेंजर (55333) में भी यात्रियों के सामान की जांच की गई।
आरपीएफ की टीम ने विशेष रूप से पटाखे, गैस सिलेंडर, केरोसिन, पेट्रोल सहित अन्य विस्फोटक एवं ज्वलनशील पदार्थों को अवैध रूप से लेकर यात्रा करने वालों पर नजर रखी। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान यात्रियों को जागरूक करते हुए आरपीएफ ने अपील की कि यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, विस्फोटक सामग्री अथवा ज्वलनशील पदार्थ लेकर जाता दिखाई दे तो तत्काल आरपीएफ, जीआरपी या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










